आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान और दुर्घटनास्थलों में सुधार की दी जानकारी
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर कम करने पर जोर
अम्बिकापुर 30 अक्टूबर 2026/ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से सरगुजा जिले में डीडीएचआई (DDHI) प्रोग्राम के तहत जिला स्तरीय बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 28 अक्टूबर को कलेक्टोरेट अम्बिकापुर स्थित सीजी स्वान स्टूडियो (डीपीसी) में आयोजित प्रशिक्षण में आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञ दिनेश शर्मा एवं प्रीतम शर्मा ने जिले में डीडीएचआई प्रोग्राम के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का विश्लेषण करने, दुर्घटनास्थलों की पहचान तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों के संबंध में प्रशिक्षण दिया।
विशेषज्ञों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के लिए दुर्घटनास्थलों का व्यवस्थित निरीक्षण एवं तथ्य आधारित विश्लेषण आवश्यक है। इसके माध्यम से सड़क की स्थिति, दुर्घटना के संभावित कारणों तथा आवश्यक सुधारों की पहचान कर दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में कार्य किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण में सभी सड़क निर्माण एजेंसियों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को डीडीएचआई प्रोग्राम के अंतर्गत विभागवार स्थल निरीक्षण प्रतिवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई। इससे दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर दुर्घटनास्थलों में आवश्यक सुधार करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करना है।
