बगीचा / टांगरडीह /वर्तमान भारत/ रोहित कुमार
बगीचा, 10 सितंबर 2026। वर्तमान भारत।
भारतीय जनता पार्टी के उच्च नेतृत्व के निर्देशानुसार बगीचा मंडल के शक्ति केंद्र टांगरडीह में मासिक एवं कामकाजी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक शक्ति केंद्र प्रभारी कुंवर यादव के नेतृत्व में टांगरडीह भवन में संपन्न हुई। इस अवसर पर शक्ति केंद्र संयोजक देवराज यादव एवं शक्ति केंद्र अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने, जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की रणनीति तैयार की।

शक्ति केंद्र प्रभारी कुंवर यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस 17 सितंबर को सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर सेवा के प्रतीक स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों तक पहुंच बनाना प्राथमिकता होगी। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लाभार्थी परिवारों से संवाद करेंगे और उन्हें सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी साझा करते हुए संगठन की गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करेंगे।
17 सितंबर से 27 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम
बैठक में घर-घर संपर्क अभियान, लाभार्थी संवाद, सेवा गतिविधियों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संदेश को लेकर भाजपा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ समाज के बीच पहुंचेंगे।
बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि शक्ति केंद्र टांगरडीह सेवा-संकल्प अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
