Oplus_131072
पुलिस टीम द्वारा कोतवाली मायापुर वार्ड, गुरु नानक चौक, बस स्टैंड अंबिकापुर, साप्ताहिक बाजार खोंधला, साप्ताहिक बाजार झापटपारा शंकरपुर उदयपुर, उदारी बकनाकला बाजार, लमगाँव साप्ताहिक बाजार में आयोजित किया गया कार्यक्रम।
अंबिकापुर, 01 सितम्बर 2026।
➡️ डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोडल अधिकारी साइबर सेल रितेश चौधरी के कुशल नेतृत्व में जिला अंतर्गत तीसरे सप्ताह में वरिष्ठ नागरिकों कों जागरूक करने “साइबर जागृति अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है!
➡️ साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत कोतवाली मायापुर वार्ड, गुरु नानक चौक, बस स्टैंड अंबिकापुर, साप्ताहिक बाजार खोंधला, साप्ताहिक बाजार झापटपारा शंकरपुर उदयपुर, उदारी बकनाकला बाजार, लमगाँव साप्ताहिक बाजार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

⏩ कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को जानकारी दी गई कि पुलिस या जांच एजेंसियां, उनके अधिकारी कभी भी वीडियो कॉल पर अरेस्ट या पूछताछ नहीं करती, इसलिए “डिजिटल अरेस्ट”जैसी कोई प्रक्रिया होती ही नहीं है। चूँकि वरिष्ठजन अक्सर बैंक जाते हैं, उन्हें यह बताया गया कि चाहे बैंक में या अन्य माध्यमों के द्वारा भी अगर कोई एटीएम का पिन, पासवर्ड पूछे तो न बतायें, बैंक मैनेजर या आधिकारिक व्यक्ति से संपर्क करें। अपना बैंक खाता किसी भी अनजान व्यक्ति या ऐसा व्यक्ति जो परिजनों की पहचान का है लेकिन आप उसे नहीं जानते, तो भी अपना बैंक खाता ऑपरेट करने न दें। कोई भी व्यक्ति फ़ोन पर पेंशन, अस्पताल, गैस सिलिंडर, बिजली बिल, किसी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन आदि करने के लिए अगर ओटीपी मांगें तो न दें, कोई लिंक एसएमएस करे या व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल या APK लिंक भेजे तो भी क्लिक न करें । तत्काल 1930 या निकटस्थ थाने से संपर्क करें ।
⏩ साइबर अपराधी आपको किसी घटना की बात बताकर डराते हैं जैसे आपका नाम किसी फ्रॉड या तस्करी में आया है आदि। बिल्कुल न घबरायें। फ़ोन काटें और 1930 पर संपर्क करें, सरकारी तथा निजी संस्थानों की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क कर जानकारी लें। परिजनों की आवाज़ निकालकर या उनके नंबर से मेसेज भेजकर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें, बिना सही जानकारी एकत्रित किए, कोई भी पैसा न दें।
⏩ किसी भी अनजाने व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी जैसे आधार नंबर आदि न दें।साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व को समझाते हुए वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
⏩ कार्यक्रम के दौरान “जागरूकता की एक Selfie” अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को जागरूकता QR Code के संबंध में जानकारी दी गई। वरिष्ठ नागरिकों को QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ नागरिकों द्वारा QR Code के साथ Selfie भी ली गई। उपरोक्त कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी कर्मचारी समेत लगभग लगभग 400 वरिष्ठ नागरिकगण एवं अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
