Oplus_131072
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, जिले में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें, अधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर अजीत वसंत ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
अम्बिकापुर 15 सितम्बर 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में बारिश से हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शहर के खरसिया नाका, लुचकी घाट,गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक, नगरीय क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में जहां बारिश की वजह से सड़के क्षतिग्रस्त हो गए हैं गड्ढे को भरकर समतलीकरण करने राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और संबंधित निर्माण विभाग को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरसिया नाका जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए गए नहर में अतिक्रमण कर लिए है नोटिस जारी कर हटाने की कार्रवाई शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं जिससे आवागमन सुगम बनाया जा सके।
जिले में सेवा संकल्प अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश-
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा कर संबंधित नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में आयोजित होगा। जिले में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएगी ।कार्यक्रम में स्थानीय जन – प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करें। सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम आवास, महतारी वंदन योजना अन्य हितग्राहियों के परिवार में आशीर्वाद का दिया प्रज्वलित किया जाएगा। साथ ही स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, अस्पताल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अटल चैक, शासकीय शासकीय संस्थानों में आशीर्वाद का दिया जलाया जाएगा। जिला स्तर पर गांधी स्टेडियम, नगर के चौक चौराहो, धार्मिक स्थलों, अमृत सरोवर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों में भी आशीर्वाद का दिया प्रज्वलित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभाग के नोडल अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सर्व एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई तथा समय-सीमा में लंबित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाने निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने जाति प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की जानकारी सभी एसडीएम से ली और समय अवधि में उन्होंने करने के निर्देश दिए। बैठक में जन्म प्रमाण पत्र निर्माण में प्रगति की जानकारी, डीएमएफ कार्यों पर वसूली एवं निर्माण कार्यों की स्थिति, मुआवजा प्रकरणों, अतिक्रमण सहित अन्य की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में डीएफओ लोकनाथ पटेल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें, अधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश-
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग ध्यान रखें कि 85 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का निराकरण हो जाए। उन्होंने पंचायत, नगरीय प्रशासन तथा राजस्व विभाग से सम्बंधित शिकायतों के निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने 85 प्रतिशत से कम निराकरण करने वाले विभाग को नोटिस जारी करने केनिर्देश दिए।
जनपद पंचायतवार निर्माण कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले के जनपद पंचायतवार विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हैंडपंप, बोरवेल खनन, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की एवं 15वें वित से उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बारिश समाप्ति पर हैजो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण किया जाए।ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत बालिकाओं के लिए स्कूल में शौचालय का निर्माण किया जाना है कार्यों को स्वीकृत करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
