Oplus_131072
जशपुर । वर्तमान भारत
जशपुर पुलिस ने अपने दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। आरक्षक देव नारायण सिंह के निधन के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी है। खास बात यह रही कि डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन उनके घर पहुंचकर स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपा और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह का इलाज के दौरान 11 सितंबर को रायपुर के बालाजी अस्पताल में निधन हो गया था। वे वर्ष 2007 से जशपुर पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
दिवंगत आरक्षक के परिवार की स्थिति को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अनुकम्पा नियुक्ति की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा कराया।
23 सितंबर को तेरहवीं के अवसर पर एसएसपी स्वयं उनके गृह ग्राम जुरतेला पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा।
एसएसपी ने कहा कि जशपुर पुलिस परिवार अपने हर कर्मचारी के परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
