
जशपुर, 29 अक्टूबर 2026। चक्रवाती तूफान एवं अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए जशपुर जिले में प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर चक्रवाती तूफान एवं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा।
इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर द्वारा भी 30 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। जिले में मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों एवं संस्थानों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस तरह 30 अक्टूबर को जशपुर जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ सभी प्रमुख विद्यालय भी बंद रहेंगे।
