Oplus_131072
फील्ड में जाकर स्कूलों का विजिट करें सभी बीईओ और बीआरसी – कलेक्टर श्री वसंत
अनाधिकृत रूप से लंबे अवधि तक अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश
अम्बिकापुर 12 सितम्बर 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता अभियान, ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिता सहित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी बीईओ एवं बीआरसी को नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। अनधिकृत रूप से लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन नियमानुसार रोकने कहा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी विद्यालय एकल शिक्षकीय व्यवस्था में संचालित न हो। आवश्यकतानुसार शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। पंचायत एजेंसी के माध्यम से शिक्षा विभाग के लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में किचन शेड निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने तथा जहां किचन शेड उपलब्ध हैं, वहां आवश्यक कार्य प्रारंभ करने कहा। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भवनविहीन, विद्युतविहीन एवं पेयजल विहीन विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने कहा। डिस्मेंटल योग्य भवनों की सूची तैयार करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
बैठक में गणवेश, पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति, गैस कनेक्शन एवं शिक्षकों की सेवा पुस्तिका अद्यतन करने की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने छात्रवृत्ति फॉर्म भरने की प्रक्रिया सितंबर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कक्षा पहली के ऐसे विद्यार्थियों, जिनके जाति प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनके प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। पूर्ण दस्तावेज वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र सितंबर तक तथा अपूर्ण दस्तावेज वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र 2 अक्टूबर को ग्राम सभा के बाद आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर बनाने कहा।
अपार आईडी निर्माण की समीक्षा
कलेक्टर ने अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बन चुके विद्यार्थियों, जिनके आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनके आधार कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण करने कहा।
सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि पर पीपीओ, जीपीओ प्राधिकार पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान कराए जाएं।
