अम्बिकापुर 28 सितम्बर 2026/ जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक अजीत वसंत के मार्गदर्शन में जिले की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सेन्टर फॉर एन्वायरमेंट एजुकेशन (सीईई) और एचसीएल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन’ (GenCAN) कार्यक्रम के अंतर्गत लखनपुर के रजपुरीकलां स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर के टॉप-10 विद्यालयों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
राष्ट्रीय स्तर की GenCAN टीम द्वारा किए गए सूक्ष्म निरीक्षण के बाद विद्यालय को इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए चयनित किया गया। इसी उपलक्ष्य में नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कैंप सह सम्मान समारोह (26 से 28 सितंबर 2026) के अंतिम दिन सरगुजा जिले के जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक, विद्यालय की अधीक्षिका अनुराधा सिंह, मेंटर शिक्षकों एवं छात्र लीडर्स को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यूनेस्को क्षेत्रीय कार्यालय भारत से जॉयस पोअन तथा एचसीएल फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. शांतनु बसु विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके द्वारा जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक एवं कस्तूरबा की विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में देश भर से आए पर्यावरण विशेषज्ञों और 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस गरिमामयी मंच पर विद्यालय की मेंटर शिक्षिका दीप्ति वर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट शिक्षिका’ तथा छात्र लीडर वंदना एक्का को ‘बेस्ट स्टूडेंट’ के विशेष राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। इन दोनों के साथ ही मेंटर शिक्षिका अनुराधा सिंह तथा छात्र लीडर्स वंदना एक्का, सुप्रिया लकड़ा, दीपिका लकड़ा, स्वाति सिंह, अस्मिता एक्का और रागिनी सिंह कुरुम को भी राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट व अद्वितीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कठिन चुनौतियों जैसे— जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्युत संरक्षण एवं परिवहन तथा खाद्य सुरक्षा जैसी कई महत्वपूर्ण और जटिल चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार करते हुए देश भर में यह मुकाम हासिल किया है। विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के अधिकारियों सहित समस्त शिक्षा विभाग ने हर्ष व्यक्त किया है।
