त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने राजस्व एवं पुलिस अधिकारी समन्वय से करें कार्य—कलेक्टर
सूरजपुर/15 अक्टूबर 2026/ जिले में कानून और शांति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रेना जमील की अध्यक्षता में लॉ एंड ऑर्डर समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं विभिन्न आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने खनिज परिवहन में लगे भारी मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने तथा शहर एवं रिहायशी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी पहल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दुर्गा पंडालों में अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था, प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा रावण दहन स्थलों पर दमकल वाहन एवं एंबुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षित स्थल निर्धारित करने तथा सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित स्थान पर संचालित कराने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो।
उन्होंने दुर्गा पूजा समितियों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही धरना-प्रदर्शन, रैली एवं जुलूस के दौरान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने सभी संबंधित अधिकारियों को सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सभी एसडीएम, यातायात पुलिस सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
