जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास संबंधी कार्यों की हुई समीक्षा
कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें, समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण हों- कलेक्टर श्री वसंत
खरसिया नाका तथा सीतापुर मुख्यालय के सड़क निर्माण के कार्य 15 अक्टूबर से अनिवार्यतः प्रारंभ करने दिए निर्देश
अम्बिकापुर 24 सितम्बर 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किए जाने की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर विनय कुमार अग्रवाल सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री वसंत ने बैठक में उपस्थित लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विद्युत यांत्रिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय निकाय, सीजीएमएससी सहित अन्य निर्माण संबंधी विभागों के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी ली।उन्होंने संचालित विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों की समीक्षा की।
विभिन्न निर्माण विभागों की हुई समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश-
इस दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क, पुल-पुलिया एवं शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अंतर्गत संचालित निर्माण एवं अधोसंरचना संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली तथा प्राथमिकता के साथ स्वीकृत विद्यालयों को नवम्बर माह तक पूर्ण करने कहा। उन्होंने अन्य सभी महत्वपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जल संसाधन विभाग के अंतर्गत संचालित सिंचाई परियोजनाओं, नहरों एवं अन्य जल संरचनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई तथा वीबीजीरामजी अंतर्गत सिचाई सम्बन्धी कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। सीजीएमएससी अंतर्गत कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने भवनों में सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने कहा।
उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि शेष कार्यों को जल्द पूर्ण करवा लिया जाए। भू अर्जन सम्बन्धी मामलों के सम्बन्ध में भी विस्तारपूर्वक चर्चा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिले में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं।
नगर निगम के कार्यों की समीक्षा-
कलेक्टर श्री वसंत ने नगर निगम अंबिकापुर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से नगर निगम के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में शहर में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, कचरा प्रबंधन सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने नगरोत्थान योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कम्पनी बाजार की दुकानों को सुभाष नगर में शिफ्टिंग कार्य करने कहा। उन्होंने महामाया कॉरिडोर के कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि नगर निगम के ऐसे भवनों की जानकारी दें, जिनका निर्माण जिस कार्य के लिए हुआ है, उसके लिए उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने जिला अस्पताल के निर्माण कार्यों को अगले मानसून तक पूरा करने कहा, वहीं नगरीय क्षेत्र के सड़कों की स्थिति में सुधार सहित निर्माणाधीन सड़कों को दिसम्बर माह तक पूरा करने कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी अंतर्गत निर्मित आवासों की जानकारी ली तथा सुभाष नगर में निर्मित आवासों का आबंटन कार्य जल्द पूरा करने कहा।उन्होंने सांसद, विधायक निधि के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराने निर्देश दिए।
सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, निर्माण कार्य में तेजी लाने दिए निर्देश-
कलेक्टर ने जिले में संचालित सड़क निर्माण, मरम्मत एवं उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति, निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता तथा रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में सड़कों की स्थिति बेहतर हो, क्षतिग्रस्त मार्गों एवं जलभराव वाले हिस्सों की पहचान करते हुए तत्काल मरम्मत और रखरखाव की कार्यवाही की जाए। सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, निर्माण कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर आवश्यक कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि सड़को की मेंटेनेंस अवधि में शिकायत प्राप्त होने पर ठेकेदार से तत्काल सुधार कार्य करवाएं।उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों की समीक्षा के दौरान खरसिया नाका के कार्य तथा सीतापुर मुख्यालय के सड़क निर्माण के कार्य को 15 अक्टूबर से अनिवार्यतः प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
