Oplus_131072
बगीचा ।वर्तमान भारत/ रोहित कुमार
श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन, नम आंखों से दी बप्पा को विदाई
बगीचा। जशपुर जिले के बगीचा ब्लांक के ओंडका में गणेश चतुर्थी के अवसर पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का सात दिवसीय गणेश उत्सव के बाद श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। पूरे उत्सव के दौरान गांव में धार्मिक उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। सुबह से लेकर शाम तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों के साथ श्रद्धालु गणपति बप्पा की भक्ति में लीन नजर आए।
गणेश उत्सव के सात दिनों तक ओंडका गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। डीजे की धुन और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु झूमते हुए भगवान गणेश की आराधना करते रहे। गांव की गलियों में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे और युवा, बच्चे व ग्रामीण उत्साह के साथ आयोजन में शामिल हुए। जगह-जगह भक्तों की भीड़ और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
विसर्जन के दिन भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन यात्रा के लिए रवाना किया गया। डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाते हुए और भक्ति गीतों पर झूमते हुए बप्पा को विदाई दी।

विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गणेश विसर्जन को लेकर उत्साह नजर आया। भक्तों ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और परिवार एवं गांव की खुशहाली की कामना की। भक्तिमय वातावरण के बीच जब बप्पा को अंतिम विदाई दी गई तो कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
सात दिनों तक चले इस गणेश उत्सव ने ओंडका गांव को एकजुटता, आस्था और उल्लास के रंग में रंग दिया। विसर्जन के साथ ही उत्सव का समापन हुआ, लेकिन “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से बप्पा के आगमन की कामना की।
