नवीन डिजिटल वित्तीय व्यवस्था की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की दी गई जानकारी
अम्बिकापुर 13 सितम्बर 2026/ राज्य कार्यालय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग सरगुजा द्वारा नवीन डिजिटल वित्तीय व्यवस्था एसएनए स्पर्श एवं जेम पोर्टल की व्यवस्था और कार्यप्रणाली के संबंध में संभाग स्तरीय एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन अंबिकापुर के मल्टीपरपज स्कूल के सभागार में किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन दो चरणों में किया गया, जिसमें सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
एसएनए स्पर्श की उपयोगिता एवं आवश्यकता पर दिया गया जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त संचालक सरगुजा संभाग (शिक्षा) डॉ. राजेश सिंह के मार्गदर्शन में की गई। उन्होंने एसएनए स्पर्श की उपयोगिता एवं आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए नवीन डिजिटल वित्तीय व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझने और विभागीय कार्यों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण में संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा के अधिकारी-कर्मचारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी तथा वित्त एवं लेखा शाखा के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान एसएनए स्पर्श एवं जेम पोर्टल से संबंधित विभिन्न मॉड्यूल, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।
मास्टर ट्रेनर्स ने विभिन्न मॉड्यूल एवं तकनीकी पहलुओं की दी जानकारी
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर एवं प्रशिक्षक के रूप में संभाग के प्रोग्रामर सौरभ प्रताप सिंह, विशाल वर्मा, श्रीमती कविता सिंह, अरुण चंद्रा, प्रशांत पाटिल, श्री विजय कुशवाहा, शैलेन्द्र पोद्दार एवं अरविंद गुप्ता द्वारा विभिन्न मॉड्यूल एवं पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान एसएनए स्पर्श एवं जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली, डिजिटल वित्तीय प्रक्रियाओं तथा संबंधित तकनीकी विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रश्नोत्तरी सत्र में प्रतिभागियों की प्रशासनिक एवं तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में किया सहभागिता
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एपीसी समग्र शिक्षा करूणेश श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कार्यक्रम के प्रशासनिक मार्गदर्शन में जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक, सहायक संचालक शशिकांत सिंह, सहायक संचालक पूनम पांडेय एवं एपीसी दिनेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सहायक संचालक रविशंकर तिवारी द्वारा प्रशिक्षण के समापन की घोषणा की गई तथा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
