बगीचा। वर्तमान भारत
बगीचा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) ‘बिहान’ के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत बगीचा में आयोजित बैंक मेला महिला स्व-सहायता समूहों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण अवसर बना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला समूहों ने सहभागिता की और बैंक लिंकेज एवं मुद्रा योजना के माध्यम से ऋण का लाभ प्राप्त किया।
बैंक मेला रिपोर्ट के अनुसार, NRLM बैंक लिंकेज के तहत कुल ₹2 करोड़ 51.30 लाख की ऋण राशि का वितरण किया गया। वहीं मुद्रा लोन के तहत ₹1 करोड़ 59 लाख की राशि स्वीकृत हुई, जिसमें ₹74.20 लाख का वितरण किया गया। इस प्रकार दोनों माध्यमों से कुल ₹3 करोड़ 25.50 लाख की ऋण राशि वितरित हुई, जिससे महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आर्थिक संबल मिला।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने महिला समूहों की सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना आत्मनिर्भर परिवार एवं मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि ‘बिहान’ के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। ‘लखपति दीदी’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का मजबूत माध्यम है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश, जनपद उपाध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता, LDM जिला जशपुर श्री राकेश तिवारी, DPM-FI NRLM श्री अमीन खान, मुद्रा लोन जिला समन्वयक श्री रवि बहेलाल, जनपद CEO श्री पुष्कर पाटले, BDC श्रीमती सविता नागेश, BPM श्री कमलेश श्रीवास, AC श्री त्रिपेंद यादव, AC श्रीमती अलमा सहित सभी संकुलों के CRP एवं बगीचा विकासखंड के बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब महिलाओं को समूह, बैंकिंग और स्वरोजगार से जोड़ा जाता है, तो आत्मनिर्भर परिवार के साथ-साथ आत्मनिर्भर गांव की मजबूत नींव भी तैयार होती है।
