बगीचा । वर्तमान भारत
ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर निकली भव्य विसर्जन शोभायात्रा, जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा गांव
बगीचा। बगीचा विकासखंड के ग्राम टांगरडीह में शुक्रवार को रिमझिम फुहारों के बीच गणेश विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। गणपति बप्पा की विदाई के लिए निकली भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बारिश की फुहारों के बावजूद भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शोभायात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक झांकियों के साथ शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की भक्तिमय धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे रास्ते “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा टांगरडीह भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
गणेश प्रतिमा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल चलते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। युवाओं, महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग में कोई कमी नहीं आई।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार अमला शोभायात्रा के साथ पैदल चलता रहा और पूरे मार्ग पर निगरानी बनाए रखी। इसके चलते गणेश विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आने की कामना की। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।
