Oplus_131072
जशपुर । वर्तमान भारत/जशपुर जिले का सिटीकोतवाली थाना क्षेत्र में युवती का निजी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पीड़िता को सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा के रूप में हुई है। आरोपी और 19 वर्षीय पीड़िता की पहचान अप्रैल 2024 में 4Fun एप्लीकेशन के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत होने लगी।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल किए और उनका स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लिया। बाद में इन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने बातचीत नहीं करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के बाद जशपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद विशेष टीम ने दिल्ली पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जशपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग या निजी फोटो – वीडियो के दुरुपयोग की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
